सावन के लिए काशी तैयार, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
वाराणसी (जनवार्ता)। सावन माह की शुरुआत के साथ काशी में शिवभक्तों और कांवड़ियों के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले सावन मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाराणसी कैंट स्टेशन पर होल्डिंग एरिया बनाया गया है। रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है, जबकि परिवहन निगम कांवड़ मार्गों पर 39 अतिरिक्त बसें चलाएगा। दशाश्वमेध घाट पर पूरे सावन प्रतिदिन अखंड भंडारे का आयोजन भी होगा।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर को पांच जोन और 15 सेक्टरों में बांटा गया है। पांच आईपीएस अधिकारियों, 50 राजपत्रित अधिकारियों और करीब पांच हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। शहर के अधिकांश हिस्से में ‘त्रिनेत्र’ कैमरों, एआई आधारित सीसीटीवी और ड्रोन से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। गंगा घाटों, प्रमुख मार्गों, रेलवे स्टेशनों और मंदिर परिसर पर कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी।
बीएचयू स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में श्रावण महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है। विशेष तिथियों पर गर्भगृह में रुद्राभिषेक पर रोक रहेगी।

