धूमिल जी के नाम पर पार्क और पुस्तकालय का होगा निर्माण : एमएलसी धर्मेंद्र सिंह
खंडित धूमिल प्रतिमा का निरीक्षण

वाराणसी (जनवार्ता)। विट्ठलपुर के समीप स्थित प्रख्यात जनकवि सुदामा पांडे ‘धूमिल’ की खंडित प्रतिमा का शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम (ई), एसडीएम राजातालाब, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, साहित्यकारों, इतिहासकारों एवं प्राध्यापकों की उपस्थिति रही।

निरीक्षण के दौरान विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि यह केवल प्रतिमा का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की साहित्यिक विरासत और जनभावनाओं से जुड़ा मामला है। उन्होंने घोषणा की कि अपनी विधायक निधि/परिषद सदस्य निधि से धूमिल जी के नाम पर एक पार्क एवं वाचनालय (पुस्तकालय) का निर्माण कराया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी उनके साहित्य और विचारों से प्रेरणा ले सके।

उन्होंने यह भी कहा कि खंडित प्रतिमा के पुनर्स्थापन एवं नई प्रतिमा स्थापित कराने के लिए जिलाधिकारी से तत्काल वार्ता की जाएगी। प्रतिमा के निर्माण और स्थापना में आने वाले आवश्यक आर्थिक व्यय का प्रबंध भी कराया जाएगा, जिससे शीघ्र ही धूमिल जी की गरिमा के अनुरूप प्रतिमा स्थापित की जा सके।
इस अवसर पर उपस्थित साहित्यकारों और इतिहासकारों ने धूमिल जी की साहित्यिक विरासत को संरक्षित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की पहल का स्वागत किया।

