फर्जी एलएलबी डिग्री से वकील बने 35 लोगों पर एफआईआर
बार काउंसिल के सत्यापन में खुलासा, प्रयागराज में करीब 105 और मामलों में मुकदमे की तैयारी
प्रयागराज (जनवार्ता)। फर्जी एलएलबी की डिग्री लगाकर बार काउंसिल में पंजीकरण कराने और वकालत करने का मामला सामने आया है। प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में ऐसे 35 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बार काउंसिल की ओर से कराए गए डिग्री सत्यापन के दौरान कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद बार काउंसिल की ओर से अधिवक्ताओं के पंजीकरण में संलग्न शैक्षणिक डिग्रियों का सत्यापन कराया गया। इसी प्रक्रिया के दौरान कुछ लोगों की एलएलबी डिग्रियां संदिग्ध अथवा फर्जी पाए जाने की बात सामने आई।
प्रयागराज के डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि बार काउंसिल की तहरीर के आधार पर 35 लोगों के खिलाफ फर्जी एलएलबी डिग्री के आधार पर पंजीकरण कराने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अभी इस मामले में और मुकदमे दर्ज किए जाने हैं।
बताया जा रहा है कि सत्यापन में सामने आए अन्य मामलों में करीब 105 लोगों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए जा सकते हैं। पुलिस और बार काउंसिल की कार्रवाई के बाद फर्जी डिग्री के आधार पर अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
फिलहाल पुलिस दर्ज मुकदमों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फर्जी डिग्री तैयार कराने, उसके आधार पर पंजीकरण कराने और वकालत करने से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

