‘मैं जिंदा हूं’ वाले संतोष मूरत सिंह शिवपुर से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
आजाद अधिकार सेना ने वाराणसी की 386-शिवपुर सीट से घोषित किया पहला प्रत्याशी
वाराणसी (जनवार्ता)। आजाद अधिकार सेना ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वाराणसी की 386-शिवपुर विधानसभा सीट से चोलापुर निवासी संतोष मूरत सिंह ‘मैं जिंदा हूं’ को अपना पहला प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नूतन ठाकुर ने कार्यालय ज्ञाप जारी कर इसकी घोषणा की।

संतोष मूरत सिंह पिछले करीब दो दशकों से अपने दस्तावेजों में कथित तौर पर मृत घोषित किए जाने और स्वयं को जीवित साबित करने के संघर्ष को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने तहसील से लेकर शासन-प्रशासन तक अपने जीवित होने की पहचान स्थापित करने के लिए लंबा संघर्ष किया है। फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर के साथ भी वे लंबे समय तक रह चुके हैं।
पार्टी अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने कहा कि संतोष मूरत सिंह अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी की लड़ाई तथा आम नागरिकों के अधिकारों की आवाज को आगे बढ़ाते हुए शिवपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
आजाद अधिकार सेना की ओर से जारी घोषणा के साथ संतोष मूरत सिंह को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का पहला घोषित प्रत्याशी बनाया गया है। प्रत्याशी की ओर से जारी संपर्क नंबर 9769483266 है।

