पूजा-पाठ और सोने की मूर्ति का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरफ्तार

पूजा-पाठ और सोने की मूर्ति का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरफ्तार

कपसेठी पुलिस ने आरोपी के घर से 1.85 लाख रुपये किए बरामद

वाराणसी (जनवार्ता) । पूजा-पाठ कराने और जमीन में सोने की मूर्ति व सिक्के दबे होने का झांसा देकर लाखों रुपये और आभूषण ठगने के मामले में कपसेठी पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से ठगी के 1.85 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार, बुधवार को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुरु तिराहा के पास से श्याम सिंह (40) निवासी पूरे खुसई मोहनगंज, थाना कोतवाली देहात, प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम प्रतापगढ़ स्थित उसके घर पहुंची, जहां आलमारी में रखे 1.85 लाख रुपये बरामद हुए।

सोने की मूर्ति का दिया था झांसा

पुलिस के मुताबिक, 2 जून को शिवदासपुर निवासी गोविन्द गुप्ता के परिचित राजकुमार के घर पूजा-पाठ कराने आए दो लोगों ने गोविन्द की पत्नी को संतान न होने की बात बताकर पूजा कराई। इसके बाद आरोपियों ने विश्वास में लेकर बताया कि घर के पास जमीन में सोने की मूर्ति और सिक्के दबे हैं, जिन्हें पूजा-पाठ के जरिए निकाला जा सकता है।

आरोप है कि 9 और 16 जुलाई को पूजा-पाठ के नाम पर रुपये लिए गए। 19 जुलाई को सोने की मूर्ति और सिक्के निकालने के नाम पर गोविन्द से 11,11,111 रुपये नकद, सोने की अंगूठी और चेन तथा राजकुमार से 3 लाख रुपये और सोने की अंगूठी ली गई।

इसके बाद आरोपियों ने जमीन खोदकर लाल कपड़े में बंधी एक मूर्ति निकाली और उसके कुछ हिस्से को काटकर उसे सोने का बताया। बाद में जांच में मूर्ति पीतल की निकली। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल नंबर भी बंद मिले, जिसके बाद पीड़ितों को ठगी का पता चला।

इसे भी पढ़े   दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों के सैम्पल जांच को भेजे

पूछताछ में बताई भूमिका

पुलिस पूछताछ में श्याम सिंह ने कथित तौर पर बताया कि वह राजेश सिंह उर्फ माया प्रकाश सिंह, जिसे वे ‘गुरु जी’ कहते हैं, के साथ गोविन्द के गांव में गया था। उसने पूजा-पाठ और जमीन में सोने की मूर्ति व सिक्के दबे होने की बात बताकर लोगों को विश्वास में लेने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम में से 1.85 लाख रुपये श्याम सिंह को ‘गुरु जी’ ने दिए थे, जिन्हें उसने अपने घर की आलमारी में रख दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर यह रकम बरामद कर ली।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *