मकान के मुख्य द्वार से सटे बिजली के पोल से हादसे का खतरा
महिला ने हटाने की लगाई गुहार
वाराणसी (जनवार्ता)। सुंदरपुर के केदार नगर क्षेत्र में मकान के मुख्य द्वार से सटे बिजली के पोल को लेकर एक महिला ने विद्युत विभाग से उसे हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की है। महिला का कहना है कि बरसात के दिनों में पोल से अर्थिंग होने के कारण उसके मुख्य गेट में करंट उतरने की आशंका बनी रहती है, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है।

केदार नगर निवासी रीना सिंह ने मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण निगम वाराणसी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने घर में अकेली रहती हैं, जबकि उनके पति और बच्चे बाहर रहते हैं। उन्होंने बताया कि मकान के मुख्य गेट से बिजली का पोल सटा हुआ है। बारिश के दौरान पोल से अर्थिंग के कारण मुख्य गेट में करंट उतरने की स्थिति बन जाती है।
महिला ने प्रार्थना पत्र में कहा कि अकेले रहने के कारण उन्हें हर समय किसी अनहोनी की चिंता बनी रहती है। उन्होंने विद्युत विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली के पोल को हटाकर किसी उचित और सुरक्षित स्थान पर स्थापित कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
महिला ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

