डंपर की टक्कर से सरकारी शिक्षक समेत परिवार के चार लोगों की मौत
सात वर्षीय बच्ची घायल
बाराबंकी। बांदा-बहराइच मार्ग पर मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा चौराहे के पास मंगलवार सुबह मौरंग लदे डंपर ने ऑल्टो कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सरकारी शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटे और बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।


जानकारी के अनुसार श्रावस्ती के भिनगा में मदरसे में सरकारी शिक्षक मोहम्मद शरीफ (50) मूलरूप से बलरामपुर के रहने वाले थे। वह पत्नी तबस्सुम (45), बेटी रुसदा (27), बेटे उजैम (22) और सात वर्षीय बेटी हुदा के साथ लखनऊ जा रहे थे। परिवार की बड़ी बेटी रुसदा को लखनऊ छोड़ने के साथ शरीफ को अपना रूटीन चेकअप भी कराना था।

बताया गया कि रास्ता भूलने के बाद परिवार बिंदौरा चौराहे के पास कार रोककर रास्ता पूछ रहा था। इसी दौरान लखनऊ से रामनगर की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार के दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।
पांचों को एंबुलेंस से बड़ागांव सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद शरीफ, तबस्सुम, रुसदा और उजैम को मृत घोषित कर दिया। सात वर्षीय हुदा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने अस्पताल पहुंचकर बच्ची का हाल जाना। उन्होंने बताया कि बच्ची का डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चल रहा है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार डंपर चालक की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई।

