चौबेपुर : मजदूर को दी तालिबानी सजा, मौत की सूचना
भट्ठा मालिक समेत चार लोगों पर लाठी-डंडों से निर्मम पिटाई करने का आरोप
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मजदूर पर चोरी का आरोप लगाकर कथित रूप से तालिबानी तरीके से सजा देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भट्ठा मालिक समेत चार लोगों ने मजदूर को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। सूत्रों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल मजदूर की मौत हो गई है। घटना करीब पांच से छह दिन पूर्व की बताई जा रही है।


बताया जा रहा है कि आरोपी आसपास के ही रहने वाले दबंग किस्म के लोग हैं। मजदूर पर चोरी का आरोप लगाने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर कानून हाथ में लेते हुए उसकी जमकर पिटाई की। घटना के बाद मामला दबाए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, मजदूर की मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। एसीपी विनय द्विवेदी ने जनवार्ता प्रतिनिधि से बातचीत में बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।

