वरुणा नदी किनारे मिला 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव
शिनाख्त में जुटी लोहता पुलिस
वाराणसी (जनवार्ता)। लोहता थाना क्षेत्र के कोटवां चौकी अंतर्गत टड़िया गांव में बुधवार दोपहर वरुणा नदी के किनारे करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी किनारे से बाहर निकलवाकर शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

जानकारी के अनुसार बुधवार 26 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे ग्राम प्रधान टड़िया ने पुलिस को वरुणा नदी किनारे शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही कोटवां चौकी प्रभारी और लोहता थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव मिलने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव को सुरक्षित बाहर निकलवाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों तथा आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। तलाशी के दौरान मृतक के पास बंद हालत में एक कीपैड मोबाइल फोन और फूलमनी पत्नी रामधनी, निवासी बरजी, नयेपुर, वाराणसी के नाम का आधार कार्ड बरामद हुआ।
पुलिस बरामद आधार कार्ड और मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। वहीं शव को सुरक्षित शिवपुर स्थित शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच के साथ मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

