36.5 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, 30 लाख का माल बरामद
सोनभद्र (जनवार्ता)। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 36.500 किलो अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत करीब 18 लाख और वाहन की कीमत करीब 12 लाख रुपये है। कुल बरामदगी का अनुमानित मूल्य 30 लाख रुपये बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की देर रात चन्द्रयान तिराहा, भण्डार खुर्द हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान हिन्दुआरी की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UP32HQ1416) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर करीब रात 10 बजे चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा की मौजूदगी में तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो की पिछली सीट के नीचे और पिछले हिस्से से 37 बंडलों में 36.500 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन, 550 रुपये नकद और किया कार की चाबी मिली।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सम्भलपुर, ओडिशा से गांजा लेकर बलिया पहुंचाने का काम करते थे। इसके एवज में प्रत्येक को करीब 15 हजार रुपये मिलते थे। पुलिस के अनुसार तस्करी के दौरान व्हाट्सऐप कॉल और लोकेशन के जरिए संपर्क किया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विधिचन्द्र यादव (मऊ), साजिद अली, रईस खान और आदित्य जायसवाल (कुशीनगर) के रूप में हुई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


