सैयदराजा विधानसभा सीट से आजाद अधिकार सेना के उमेश सिंह प्रत्याशी घोषित
चंदौली। आजाद अधिकार सेना ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए चंदौली की 382-सैयदराजा विधानसभा सीट से उमेश सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नूतन ठाकुर ने कार्यालय ज्ञाप जारी कर उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की।

उमेश सिंह लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हैं। वे सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक समय से पत्रकार के रूप में सक्रिय रहे हैं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं, जनहित के मुद्दों और आम लोगों की परेशानियों को प्रमुखता से उठाया है।
पत्रकारिता के लंबे अनुभव के चलते उमेश सिंह को क्षेत्र की जमीनी परिस्थितियों और स्थानीय जनसमस्याओं की अच्छी समझ रखने वाला बताया गया है। वे लंबे समय तक जनता के रिपोर्टर के रूप में सक्रिय रहते हुए विभिन्न जनहित के मुद्दों को सामने लाते रहे हैं।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने कहा कि उमेश सिंह पार्टी के अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के विरोध तथा आम नागरिकों के अधिकारों के संघर्ष को आगे बढ़ाते हुए चुनाव मैदान में उतरेंगे।
पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार उमेश सिंह सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के विचारों और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

