शादी की जिद पर अड़ी युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती
प्रयागराज (जनवार्ता)। मऊआइमा थाना क्षेत्र के उमरिया बादल गांव में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती को टॉवर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने काफी देर तक उसे समझाकर नीचे उतरने का अनुरोध किया, लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही।

युवती ने एक युवक का नाम लेते हुए कहा कि जब तक उससे शादी नहीं होगी, वह टॉवर से नीचे नहीं उतरेगी। सूचना मिलते ही मऊआइमा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया।
बताया गया कि यमुनापार के नवाबगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती की मऊआइमा थाना क्षेत्र के एक युवक से करीब दो वर्ष से शादी की बात चल रही थी। कुछ समय पहले दोनों परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। मामले को लेकर पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद दोनों परिवारों ने तय शादी तोड़ दी।
शादी टूटने से युवती क्षुब्ध बताई जा रही है। मंगलवार तड़के करीब चार बजे वह उमरिया बादल गांव पहुंची और मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। कुछ देर बाद खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया।
मऊआइमा थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को समझाया-बुझाया। अधिकारियों के प्रयास से स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।

