छात्रा से छेड़खानी, सिपाही निलंबित
ग्रामीणों के दौड़ाने पर बाइक छोड़कर भागा, मुकदमा दर्ज
बलिया (जनवार्ता)। दोकटी थाना क्षेत्र में कोचिंग से घर लौट रही छात्रा से छेड़खानी के आरोप में लालगंज चौकी पर तैनात सिपाही पंकज गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शुक्रवार शाम छात्रा कोचिंग से साइकिल से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में सिपाही ने उसकी साइकिल रोककर छेड़खानी की। छात्रा के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख सिपाही बाइक छोड़कर भाग निकला।
पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया कि सिपाही पिछले तीन दिनों से उसे परेशान कर रहा था और मोबाइल नंबर देने का दबाव बना रहा था। घटना की सूचना पर सीओ बैरिया, थानाध्यक्ष दोकटी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
सीओ बैरिया आलोक कुमार गुप्त ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

