हरियाणा : जमीनी विवाद में पिता और दामाद ने घर में घुसकर बेटे को मारी गोली
पत्नी ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से किया इनकार
सिरसा। कालांवाली थाना क्षेत्र के गांव खोखर में जमीनी विवाद को लेकर तड़के घर में घुसकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव निवासी जसवंत सिंह के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी ने अपने ससुर जलविंद्र सिंह और जीजा गुरजंट सिंह समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिरसा के नागरिक अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।


मृतक की पत्नी जश्नप्रीत के अनुसार, सोमवार रात जसवंत सिंह घर पर थे और तड़के आंगन में सोने के बाद कमरे में चले गए थे। इसी दौरान उसका ससुर जलविंद्र सिंह और जीजा गुरजंट सिंह कुछ अन्य लोगों के साथ घर पहुंचे। आरोप है कि सभी के चेहरे ढके हुए थे और उनके पास हथियार थे। आरोपियों ने जश्नप्रीत को तलवार दिखाकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद गुरजंट सिंह और उसके साथियों ने कमरे में जाकर जसवंत सिंह पर गोलियां चला दीं। आरोप है कि हमलावरों ने एक के बाद एक छह गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
तीन एकड़ जमीन बेचने को लेकर था विवाद
बताया गया कि जलविंद्र सिंह के पास करीब दस एकड़ जमीन है, जिसमें से वह तीन एकड़ जमीन बेचना चाहता था। उसके दो बेटे तेजेंद्र और जसवंत सिंह हैं। जसवंत जमीन बेचने का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था और घर में अक्सर कहासुनी होती थी। जलविंद्र सिंह कुछ समय से अपनी बेटी के ससुराल में रह रहा था।
जश्नप्रीत ने आरोप लगाया कि उसके ससुर पहले भी जमीन को गिरवी रख चुके थे, जिसे जसवंत ने छुड़ाया था। अब दोबारा जमीन बेचने का प्रयास किया जा रहा था, जिसका जसवंत विरोध कर रहा था। मृतक की पत्नी ने बताया कि वह गर्भवती है।
पुलिस ने पत्नी की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश और घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं, मृतक की पत्नी ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया है।

