बीएचयू अस्पताल में नवजात को लेकर परेशान मां का मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
बच्चे को घर ले जाने की जिद के बाद 4 नवंबर की रात से थी लापता
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ऑक्सीजन प्लांट के पीछे एक महिला का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही बीएचयू पुलिस चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई। बाद में महिला की पहचान सोनभद्र जिले की निवासी निक्की के रूप में हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निक्की ने 28 अक्टूबर को बीएचयू अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया था। जन्म के समय नवजात की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे एनआईसीयू में भर्ती कर रखा था। बताया जा रहा है कि 4 नवंबर की रात महिला अपने बच्चे को घर ले जाने की जिद कर रही थी, लेकिन नवजात की हालत ठीक नहीं होने के कारण चिकित्सकों ने उसे डिस्चार्ज नहीं किया।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10 बजे तक निक्की अस्पताल में मौजूद थी। इसके बाद वह अचानक लापता हो गई। पति और सास ने रातभर अस्पताल परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। गुरुवार सुबह अस्पताल के सिटी स्कैन विभाग के पास ऑक्सीजन प्लांट के पीछे उसका शव फंदे से लटकता मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

