अखरी-भिखारीपुर मार्ग पर जलभराव से मिलेगी स्थायी निजात
14.89 करोड़ से बनेगी स्टॉर्म वाटर ड्रेन लाइन
वाराणसी (जनवार्ता)। अखरी-भिखारीपुर मार्ग पर बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से जल्द स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। वाराणसी-अदलपुरा-चुनार मार्ग पर जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) 14.89 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉर्म वाटर ड्रेन लाइन का निर्माण करा रहा है। करीब 4.5 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का काम प्रगति पर है। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में जलभराव की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।


पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-1 के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि अखरी-भिखारीपुर मार्ग के आसपास तेजी से शहरी आबादी का विस्तार हुआ है, लेकिन इसके अनुरूप जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसके चलते बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा हो जाता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज परियोजना स्वीकृत की गई है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में अर्णव चक्रवात के प्रभाव से हुई बारिश के बाद मार्ग पर फिर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसे देखते हुए नगर निगम और पीडब्ल्यूडी ने संयुक्त रूप से लगातार पंपिंग कराकर सड़क से पानी निकलवाया। अधिकारियों के अनुसार, कुछ स्थानीय लोगों द्वारा भवनों के बेसमेंट और खाली प्लॉटों का पानी भी सड़क पर छोड़े जाने से समस्या बढ़ रही है। इस पर तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढों से राहगीरों को होने वाली परेशानी को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की है। टीम प्रतिदिन मौके पर पहुंचकर सड़क के गड्ढों की मरम्मत कर रही है। विभाग का कहना है कि ड्रेनेज लाइन का निर्माण पूरा होने और नियमित मरम्मत से इस प्रमुख मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।

