डबल मर्डर प्रकरण में धानापुर थाने के निरीक्षक सलील स्वरूप निलंबित
विभागीय जांच के भी आदेश

चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के चर्चित डेढ़गांवा दोहरे हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी और सरेंडर प्रकरण में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने धानापुर थाने में तैनात अतिरिक्त निरीक्षक सलील स्वरूप आदर्श के खिलाफ कार्रवाई की है। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा की जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि दोहरे हत्याकांड के आरोपियों में शामिल एक आरोपी ने बुधवार शाम नाटकीय घटनाक्रम के बीच सरेंडर किया था। इस पूरे प्रकरण में पुलिसकर्मी की भूमिका और कार्यप्रणाली को लेकर जांच कराई गई। जांच में कार्य के प्रति लापरवाही तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किए जाने की बात सामने आने के बाद एसपी ने निलंबन की कार्रवाई की।
जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई इस कार्रवाई को जिले में पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

