कमांडो कार्रवाई में ट्रिपल मर्डर का आरोपी ढेर, बेटे की भी मौत
आजमगढ़ में पत्नी और दो पुजारियों की हत्या के बाद बच्चों को कमरे में लेकर छिपा था आरोपी, बेटी घायल
आजमगढ़ (जनवार्ता)। अहरौला क्षेत्र में मंगलवार शाम पत्नी और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी अरविंद सिंह को देर रात एटीएस कमांडो की कार्रवाई में मार गिराया गया। आरोपी के साथ कमरे में उसके तीन बच्चे भी मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान चार वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बेटी के हाथ में गोली लगी है। एक अन्य बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

शंभूपुर गांव निवासी अरविंद सिंह के परिजनों को उसके ऊपर भूत-प्रेत का साया होने का शक था। बताया गया कि वह शराब का भी आदी था और उसका इलाज चल रहा था। इसी को लेकर घर में चार दिनों से अनुष्ठान कराया जा रहा था। मंगलवार शाम उसकी 32 वर्षीय पत्नी बबिता पूजा पर बैठी थी। अहरौला क्षेत्र के पठखौली गांव निवासी 55 वर्षीय महेंद्र पाठक और छिताना गोझा गांव निवासी 50 वर्षीय अखिलेश मिश्र समेत चार पुजारी अनुष्ठान करा रहे थे।
बताया गया कि शाम करीब साढ़े छह बजे अरविंद नशे में घर पहुंचा और अनुष्ठान का विरोध करने लगा। पुजारियों से आधार कार्ड मांगने को लेकर उसका विवाद हो गया। पत्नी बबिता ने उसे शांत कराने का प्रयास किया तो वह और आक्रोशित हो गया। इसके बाद वह रिवॉल्वर लेकर आया और पत्नी तथा दो पुजारियों को गोली मार दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य पुजारी और परिजन भागकर बाहर निकल गए।
घटना के बाद अरविंद अपने तीन बच्चों को साथ लेकर एक कमरे में छिप गया। सूचना पर डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार तीन थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। रात करीब साढ़े 11 बजे एडीजी वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा भी घटनास्थल पर पहुंचे। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लखनऊ से रात करीब साढ़े 12 बजे एटीएस के करीब एक दर्जन कमांडो बुलाए गए।
एडीजी के अनुसार, आरोपी ने कमांडो टीम पर पांच राउंड फायरिंग की। जवाब में कमांडो ने चार राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें अरविंद मारा गया। कार्रवाई के दौरान उसके चार वर्षीय बेटे की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इससे पहले बेटे को भी गोली मारी थी। छह वर्षीय बेटी के हाथ में गोली लगी है। पुलिस ने घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के पीछे अनुष्ठान को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। आरोपी के मानसिक रूप से बीमार होने और उसका इलाज चलने की बात भी बताई गई है। मामले की जांच जारी है।

