खड़ी ट्रक में घुसी पिकअप, चालक समेत दो की मौत
सुकृत के चहलवा क्षेत्र में भोर के समय हुआ हादसा, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सोनभद्र (जनवार्ता)। रावर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत स्थित चहलवा में वाराणसी-शक्तिनगर हाइवे पर बुधवार भोर करीब तीन बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में पिकअप चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची सुकृत पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को वाहन से बाहर निकलवाया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे में मृतकों की पहचान पिकअप चालक सद्दाम पुत्र वसीम (करीब 32 वर्ष), निवासी ग्राम खतौली, थाना दुद्धी, सोनभद्र और खलासी रविन्द्र पुत्र अमरजीत (करीब 27 वर्ष), निवासी ग्राम कादल, थाना दुद्धी, सोनभद्र के रूप में हुई है। दोनों पिकअप वाहन संख्या जेएच 03 एएल 6554 से जा रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। प्रथम दृष्टया खड़े ट्रक में पीछे से पिकअप की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है।


