काशी के क्रिकेट स्टेडियम में दिखेगी शिवनगरी की झलक

काशी के क्रिकेट स्टेडियम में दिखेगी शिवनगरी की झलक

डमरू आकार का मीडिया सेंटर, त्रिशूल जैसी फ्लडलाइट और बेलपत्र डिजाइन वाली दीवारें; 96 फीसदी से अधिक काम पूरा

वाराणसी (जनवार्ता)। धार्मिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध काशी अब खेल पर्यटन के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की तैयारी में है। गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का 96 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है। स्टेडियम में काशी और भगवान शिव से जुड़े प्रतीकों को वास्तुशिल्प का हिस्सा बनाया गया है। यहां त्रिशूल के आकार की फ्लडलाइट, डमरू के आकार का मीडिया सेंटर और बाहरी दीवारों पर बेलपत्र जैसी डिजाइन आकर्षण का केंद्र होंगी।

rajeshswari


स्टेडियम के मुख्य मैदान, दर्शक दीर्घा, प्रैक्टिस पिच, फॉल्स सीलिंग और फिनिशिंग से जुड़े अधिकांश काम पूरे किए जा चुके हैं। फिलहाल डमरू के आकार वाले मीडिया सेंटर को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बाहरी दीवारों पर बेलपत्र के आकार का टेक्सचर तैयार किया गया है। वहीं, छत के डिजाइन में भगवान शिव के मस्तक पर सुशोभित चंद्रमा की आकृति को भी शामिल किया गया है।


स्टेडियम के निर्माण की जिम्मेदारी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) को दी गई है। परियोजना निदेशक सुनील सरोज के अनुसार, भारी बारिश के बाद भी स्टेडियम को करीब 30 मिनट में दोबारा मैच के लिए तैयार किया जा सकेगा। इसके लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया गया है। स्टेडियम में एसटीपी प्लांट भी लगाया गया है, जिससे इस्तेमाल किए गए पानी को रिसाइकिल कर दोबारा उपयोग में लाया जा सकेगा।


गंजारी में करीब 31 एकड़ जमीन पर बन रहे इस स्टेडियम में फिलहाल 32 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर 40 हजार तक किए जाने की योजना है। परिसर में करीब दो हजार वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग भी बनाई जा रही है। दिव्यांग दर्शकों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था की गई है। परियोजना पर करीब 451 करोड़ रुपये खर्च होने हैं, जिसमें लगभग 121 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण पर खर्च हुए हैं।

इसे भी पढ़े   डोमरी में शुरू हुआ 350 बीघा का विशाल ग्रीन काशी वन


रिंग रोड के किनारे बन रहे स्टेडियम से क्षेत्र में खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके आसपास के गांवों में जमीन की कीमतों में भी बढ़ोतरी की बात सामने आई है। बताया गया है कि हरसोस, हरपुर, शंकरपुर और मढ़नी समेत आसपास के कई गांवों में जमीन के दाम पहले की तुलना में कई गुना तक बढ़े हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2023 में किया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अक्टूबर के अंत तक इसके उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है। उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री और क्रिकेट जगत से जुड़े प्रमुख लोगों के शामिल होने की संभावना बताई गई है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *