मंडुआडीह-लोहता मार्ग पर संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी
वाराणसी (जनवार्ता)। लोहता थाना क्षेत्र के मंडुआडीह-लोहता मार्ग पर मंडुवाडीहा चौराहे के पास रविवार को 40 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

पुलिस की ओर से परिजनों को युवक की मौत सड़क दुर्घटना में होने की सूचना दी गई। हालांकि, परिजनों ने इस पर सवाल उठाते हुए हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि युवक के शरीर पर मिले चोट के निशान सामान्य सड़क हादसे के प्रतीत नहीं हो रहे हैं। ऐसे में उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।
सूचना पर पहुंची लोहता पुलिस ने परिजनों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
इस संबंध में थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

