शौचालय के गड्ढे में गिरा जहरीला किंग कोबरा, ग्रामीणों ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के हाथी गांव में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निर्माणाधीन मकान के सामने शौचालय के लिए खोदे गए गड्ढे में एक जहरीला कोबरा सांप गिर गया। सांप को गड्ढे में देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, हाथी गांव निवासी मोनू पांडेय के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे ग्रामीणों की नजर निर्माणाधीन शौचालय के गड्ढे में पड़े सांप पर पड़ी। देखते ही देखते इसकी जानकारी पूरे गांव में फैल गई। जहरीला सांप होने के कारण लोग काफी सहमे रहे।
इसके बाद गांव के युवाओं और बुजुर्गों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बाल्टी और रस्सी की मदद से सावधानीपूर्वक सांप को गड्ढे से बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान ग्रामीणों ने पूरी सतर्कता बरती, ताकि सांप या किसी व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।
सांप को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद ग्रामीणों ने उसे गांव से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। सांप के खेतों की ओर चले जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना था कि सांप जहरीला जरूर है, लेकिन उसका स्वभाव ही ऐसा है। संकट में फंसे जीव को मारने के बजाय सुरक्षित बचाना ही इंसानियत है। ग्रामीणों की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

