हबीबपुरा में रास्ता बंद होने से गलियों में लगा भीषण जाम
वाराणसी (जनवार्ता)। पितृपक्ष के समापन से पहले पिशाच मोचन क्षेत्र में बढ़ी भीड़ के बीच मंगलवार को हबीबपुरा की गलियों में रास्ता बंद होने से भारी जाम लग गया। पिशाच मोचन कुंड मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोककर उन्हें हबीबपुरा होते हुए लहुराबीर की ओर निकाला जा रहा था। इसी दौरान दुर्गा पूजा पंडाल के लिए रास्ता रोकने और गलियों में मरम्मत कार्य के चलते नगर निगम ने बांस-बल्ली लगा दी, जिससे संकरी गलियों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।

करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रहने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी रही। स्थानीय निवासी ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा कि गलियों की मरम्मत का काम सुबह या रात में कराया जाना चाहिए था। वहीं सरिता देवी ने बताया कि बांस-बल्ली लगाए जाने के बाद गलियों में वाहनों के हॉर्न और शोर से लोगों को परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने भाजपा पार्षद को भी मामले की जानकारी दी। नगर निगम के जोन कार्यालय के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की। कर्मचारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही रोकना जरूरी है और शाम तक बांस-बल्ली हटाए जाने की बात कही गई है।

