अजय राय जन्मदिन पर आज अयोध्या पहुंच रामलला के दरबार में दर्शन-पूजन करेंगे
वाराणसी (जनवार्ता)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को अयोध्या पहुचेंगे, जहां वे रामलला के दरबार में दर्शन-पूजन करेंगे। अयोध्या रवाना होने से पहले वाराणसी स्थित उनके आवास पर श्रीरामचरितमानस का पाठ आयोजित किया गया।मार्ग में कई स्थानों पर उनका भव्य स्वागत,अभिनंदन किया गया।

अजय राय सुबह अयोध्या के लिए रवाना हुए। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए वह प्रदेश में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों को और आक्रामक धार देने के साथ लोकतंत्र और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष को तेज करेंगे।
इस बीच, मंगलवार को अजय राय के सोशल मीडिया अकाउंट से दिल्ली में राहुल गांधी के प्रदर्शन से जुड़े कई पोस्ट लगातार साझा किए गए। इससे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनकी सक्रिय राजनीतिक निकटता भी स्पष्ट होती है। अजय राय लगातार कांग्रेस और राहुल गांधी के समर्थन में मुखर रहे हैं।
अपने राजनीतिक रुख को स्पष्ट करते हुए अजय राय कई मौकों पर कह चुके हैं कि “उनके दिल में कांग्रेस है।” जन्मदिन के अवसर पर अयोध्या में रामलला के दर्शन का उनका कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ-साथ उनके राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

