शादी का झांसा देकर अजमेर ले गया प्रेमी, 13 दिन बाद लौटी युवती; आरोपी गिरफ्तार
मुरादाबाद । पाकबड़ा थाना क्षेत्र की एक युवती को शादी का भरोसा देकर राजस्थान के अजमेर ले जाने और करीब 13 दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। युवती ने आरोपी पर मारपीट, जबरदस्ती और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कुंदरकी थाना क्षेत्र के चित्तुपुर गांव निवासी अरबाज खान के रूप में हुई है। युवती की पहले से आरोपी से जान-पहचान थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। युवती का आरोप है कि अरबाज ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी विश्वास में वह उसके साथ अजमेर चली गई।
युवती के मुताबिक, अजमेर पहुंचने के बाद आरोपी ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और बाहर जाने पर रोक लगा दी। आरोप है कि करीब 13 दिनों तक उसे वहां कैद रखा गया। इस दौरान उसके साथ मारपीट और जबरदस्ती की गई। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
युवती के वापस लौटने के बाद परिजन उसे लेकर पाकबड़ा थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

