वडनगर-काशी बाइक यात्रा के सफल समापन पर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन
वाराणसी (जनवार्ता)। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सभागार में बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर से कर्मभूमि काशी तक आयोजित ‘वडनगर-काशी मोटरसाइकिल यात्रा’ के सफल एवं सकुशल समापन पर यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। इस दौरान सभागार भारत माता के जयकारों और कार्यकर्ताओं के उत्साहपूर्ण नारों से गूंजता रहा।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि वडनगर से काशी तक का मार्ग चुनौतीपूर्ण था और सुरक्षा को लेकर प्रारंभिक चिंताएं भी थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं के संकल्प और उत्साह के सामने हर बाधा आसान हो गई। उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं के साहस, निष्ठा और समर्पण की सराहना की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रेरणा मिलती है। गुजरात के साथ पूरे देश में उनके नेतृत्व में विकास और बदलाव की नई तस्वीर सामने आई है। आज भारत दुनिया में आकर्षण और निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की साख मजबूत होने के साथ गरीबों के उत्थान, महापुरुषों के गौरव की पुनर्स्थापना और सीमा पर तैनात जवानों के सम्मान को बढ़ाने का कार्य हुआ है।
प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश की पावन धरती पर पहुंचे सभी यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान प्रदेश की सीमा में कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की छोटी-मोटी असुविधा हुई हो तो वह उसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं। उन्होंने यात्रा का नेतृत्व करने वाले 10 प्रमुख रूट इंचार्जों ध्रुविन भाई पटेल, नितिन सिंह बर्ड, श्रेयष भाई पटेल, कुलदीप बारोट, केतु पटेल, जयदेव सिंह सोलंकी, हर्पाल सिंह सिसौदिया, प्रतापभाल पिंडारिया, हिमांशु गोरानिया और कल्पेश अहीर को अंगवस्त्रम व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, दयाशंकर मिश्र ‘दयालू’, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, विधायक नीलकंठ तिवारी व सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेंद्र राय सहित भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन का प्रसारण भी किया गया।

