दस वर्षीय सुनैना बनीं एक दिन के लिए महिला थाना प्रभारी
पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना
भदोही (जनवार्ता) । महिला सशक्तीकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से भदोही पुलिस ने अनूठी पहल की। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में प्लान इंडिया एनजीओ के तत्वावधान में आयोजित ‘सांकेतिक ओवरटेक कार्यक्रम’ के तहत दस वर्षीय बालिका सुनैना को एक दिन के लिए महिला थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया गया।


सुनैना भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के चकजोधी गांव की निवासी हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से बालिका को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ ही नेतृत्व की भूमिका निभाने का अवसर प्रदान किया गया। पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के जरिए बालिकाओं को यह संदेश दिया गया कि वे भी समाज में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने और निर्णय लेने की क्षमता रखती हैं। ऐसी पहल से बालिकाओं को आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा पहचानने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
भदोही पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए पुलिस निरंतर प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास विकसित करने और उन्हें नेतृत्व के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

