वाराणसी में मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
सामाजिक न्याय के संघर्ष को किया याद
वाराणसी (जनवार्ता)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं वाराणसी खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के प्रभारी प्रदीप कुमार मौर्य के पैगंबरपुर, रुप्पनपुर स्थित शिक्षक एमएलसी चुनाव कैंप कार्यालय पर शनिवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके जीवन, राजनीतिक संघर्ष और सामाजिक न्याय में योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई।

गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए प्रदीप कुमार मौर्य ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का संपूर्ण जीवन शोषितों, वंचितों, दलितों, पिछड़ों, किसानों, मजदूरों और नौजवानों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज के कमजोर और उपेक्षित वर्गों को सम्मान, अधिकार तथा राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक न्याय और समानता की राजनीति को दिशा दी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में उनके विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाना तथा वंचित वर्गों को उनका हक और सम्मान दिलाने के लिए संघर्ष करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

