25 अक्टूबर को वाराणसी आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो में होंगे शामिल
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी दौरा 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है। इस दौरान प्रधानमंत्री गंगा की लहरों के ऊपर होने वाले भव्य एयर शो में शामिल होंगे। नमो घाट पर मुख्य आयोजन की तैयारी की जा रही है। वाराणसी और चंदौली जिले की सीमा के आसपास गंगा के ऊपर विमानों के रोमांचक करतब देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

प्रस्तावित तीन दिवसीय आयोजन के तहत 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित किए जाने की योजना है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के अलावा कई विशिष्ट और अति विशिष्ट अतिथियों तथा विभिन्न देशों के दूतावासों के अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान वाराणसी को विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिल सकती है। इनमें काशी आनंद आवासीय परियोजना, रोपवे और गंजारी क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण संभावित माना जा रहा है। हालांकि, लोकार्पण और शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं की अंतिम सूची अभी तैयार की जा रही है।
एयर शो को देखने के लिए नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में दर्शकों के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां भी महत्वपूर्ण होंगी। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

