काशी में जल्द दौड़ेंगी 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, शहर से गांव तक सफर होगा आसान

काशी में जल्द दौड़ेंगी 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, शहर से गांव तक सफर होगा आसान

28 और 38 सीटों वाली वातानुकूलित बसों में पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस की सुविधा

वाराणसी। काशी में पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बेड़े में जल्द ही 250 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी। इससे वाराणसी में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़कर करीब 300 हो जाएगी। नई बसों के संचालन से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

rajeshswari

वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के बेड़े में शामिल होने वाली नई बसों में 150 बसें 28 सीटों वाली और 100 बसें 38 सीटों वाली होंगी। वर्तमान में शहर में 28 सीटों वाली 50 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। नई बसों की खासियत यह होगी कि एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर ये लगभग 250 किलोमीटर तक चल सकेंगी। वहीं, वर्तमान में संचालित इलेक्ट्रिक बसों की एक बार चार्ज होने पर चलने की क्षमता करीब 115 किलोमीटर है। अधिक दूरी तय करने की क्षमता से नई बसों को शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी संचालित करना आसान होगा। भविष्य में इन्हें दूसरे जिलों में भेजने की भी योजना है।

शहर में वायु प्रदूषण कम करने और डीजल बसों पर निर्भरता घटाने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत प्रत्येक तीन से पांच मिनट के अंतराल पर बसों के संचालन का लक्ष्य रखा गया है, जिससे यात्रियों को बसों के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े।

इसे भी पढ़े   गंगा डॉल्फिन संरक्षण का लिया संकल्प, बच्चों को बताया नदी के स्वास्थ्य में महत्व

सुरक्षा के लिए आधुनिक सुविधाएं

नई इलेक्ट्रिक बसें वातानुकूलित होंगी और यात्रियों की सुरक्षा के लिए इनमें आपातकालीन पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरे तथा जीपीएस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इन व्यवस्थाओं से यात्रियों की सुरक्षा और बसों की निगरानी में मदद मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय के अनुसार, नई इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े में शामिल होने से वाराणसी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को विस्तार मिलेगा और यात्रियों को सुविधाजनक सफर का विकल्प उपलब्ध होगा।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *