रामलीला में गूंजे मंगलगीत, श्रीराम-सीता विवाह के दिव्य प्रसंग ने मोहा मन

रामलीला में गूंजे मंगलगीत, श्रीराम-सीता विवाह के दिव्य प्रसंग ने मोहा मन

रॉबर्ट्सगंज के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में राम-सीता विवाह का भावपूर्ण मंचन देख भक्ति में डूबे श्रद्धालु, चारों भाइयों के विवाह प्रसंग पर पुष्पवर्षा और जयकारों से गूंजा परिसर।



सोनभद्र (जनवार्ता)। रॉबर्ट्सगंज नगर के ऐतिहासिक श्री रामलीला मैदान में 125वें वर्ष की गौरवशाली परंपरा के तहत आयोजित रामलीला के छठवें दिन भगवान श्रीराम और माता सीता के दिव्य विवाह का भव्य मंचन किया गया। ‘आदर्श श्री रामलीला मंडल पिपलेश्वर धाम (सिंगरौली)’ के अनुभवी कलाकारों ने अपनी सजीव अदाकारी से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

rajeshswari



मंचन में दर्शाया गया कि राजा जनक अपनी पुत्री सीता के विवाह का शुभ संदेश अयोध्या नरेश राजा दशरथ को भेजते हैं। संदेश मिलते ही राजा दशरथ भव्य बारात लेकर मिथिलापुरी पहुंचते हैं, जहां राजा जनक और जनकपुरी के निवासी बारात का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। इसके बाद गुरु वशिष्ठ और महर्षि विश्वामित्र के मार्गदर्शन में शास्त्रीय विधि-विधान के साथ विवाह की रस्में संपन्न होती हैं।

भगवान श्रीराम का माता सीता, लक्ष्मण का उर्मिला, भरत का माण्डवी और शत्रुघ्न का श्रुतकीर्ति के साथ विवाह मंचित किया गया। विवाह के मंगलमय दृश्यों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पंडाल में मौजूद भक्तों ने पुष्पवर्षा कर नवविवाहित जोड़ों का अभिनंदन किया। मंगलगीतों, बधाइयों और भक्ति संगीत से पूरा रामलीला मैदान उत्सवमय हो उठा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे सहित रामलीला समिति के अध्यक्ष पवन जैन, राकेश गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, आनंद मिश्रा, डॉ. धर्मवीर तिवारी, अनिल द्विवेदी, विमल अग्रवाल, चंदन केसरी, राम प्रसाद यादव, चंद्र कुमार केजरीवाल, राजेश जायसवाल और विनय जायसवाल समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़े   रामनगीना फार्मेसी कॉलेज में शिक्षक दिवस पर अश्लील डांस का हंगामा, वीडियो वायरल!

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *