मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन कल से

मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन कल से

पांच दिन खुलेंगे मंदिर के कपाट

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी में मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के लिए 6 नवंबर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए गुरुवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मां अन्नपूर्णा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और दर्शन व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

rajeshswari

मां अन्नपूर्णा मंदिर के कपाट 6 नवंबर से 10 नवंबर तक पांच दिनों के लिए खोले जाएंगे। इस दौरान प्रतिदिन सुबह पांच बजे से रात 11:15 बजे तक श्रद्धालु मां के स्वर्णमयी स्वरूप का दर्शन कर सकेंगे। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज से संवाद कर दर्शन एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में सुझाव प्राप्त किए। साथ ही पुलिस और मंदिर प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी रखने तथा ड्रोन कैमरों से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, एकल मार्ग व्यवस्था का प्रभावी पालन कराने तथा भीड़ का दबाव बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और सादे वस्त्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों, जेबकतरों और श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

इसे भी पढ़े   अगस्त का वेतन न मिलने से शिक्षकों में रोष

पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा उन्हें सर और मैडम कहकर संबोधित करने के निर्देश दिए। बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और बच्चों को दर्शन के दौरान आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग, पार्किंग और आवागमन के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने व्यापारियों और दुकानदारों से संवाद कर दुकानों का सामान सड़क तक नहीं फैलाने, अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था बनाए रखने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।

अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को दर्शन अवधि के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी तथा नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण में सुगम दर्शन मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *