सी-प्लान ऐप की मदद से पूर्व सैनिक को परिजनों से मिलाया

सी-प्लान ऐप की मदद से पूर्व सैनिक को परिजनों से मिलाया

लहरतारा पुलिस की मानवीय पहल

वाराणसी। लहरतारा चौकी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए रास्ता भटककर वाराणसी में घूम रहे 76 वर्षीय पूर्व सैनिक को सकुशल उनके परिजनों से मिला दिया। पुलिस ने सी-प्लान ऐप की मदद से उनके परिवार से संपर्क किया और बुजुर्ग को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार, रामकरण गोंड पुत्र स्वर्गीय सुमेर गोंड, उम्र 76 वर्ष, निवासी ग्राम कटरिया, थाना करंडा, जनपद गाजीपुर सेना से सेवानिवृत्त हैं। स्वास्थ्य एवं मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अपने गांव से भटककर वाराणसी पहुंच गए थे और लगातार इधर-उधर घूम रहे थे।

इसी दौरान लहरतारा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सचान, उपनिरीक्षक विवेक, मुख्य आरक्षी मिथलेश शाह और भ्रमणशील पुलिस दल बौलिया तिराहे पर ऑटो-टोटो जांच अभियान चला रहे थे। इसी बीच पुलिस को एक बुजुर्ग परेशान हालत में दिखाई दिए। पूछताछ करने पर वह अपना पता और अन्य जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता सके।

पुलिस ने उनके बैग की तलाशी ली तो उसमें आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड में दर्ज विवरण के आधार पर सी-प्लान ऐप के माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क किया गया और उन्हें वाराणसी बुलाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग को चौकी पर बैठाकर नाश्ता कराया और उनकी देखभाल की।

कुछ घंटे बाद पहुंचे उनके दामाद अनिल कुमार पुत्र प्रेम नारायण, निवासी सोनौली, जनपद चंदौली को रामकरण गोंड सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। अपने बुजुर्ग परिजन को सुरक्षित पाकर परिवार ने पुलिस के प्रति आभार जताया।

वहीं, ऑटो-टोटो जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन ऑटो को भी पुलिस ने सीज किया। पुलिस की इस कार्रवाई में एक ओर बुजुर्ग को उनके परिवार से मिलाने की मानवीय पहल देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर यातायात नियमों के पालन के लिए भी सख्ती बरती गई।

इसे भी पढ़े   संभल : स्कूल बस ने मासूम को कुचला, मां के सामने गई जान
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *