स्व. डॉ. अश्विनी कुमार जैन की स्मृति में छात्राओं को भेंट किए फुटवियर
वाराणसी (जनवार्ता)। सेवा और संवेदना के मूल्यों को समाज में जीवित रखना ही अपनों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इसी भावना के साथ संकल्प संस्था की ओर से संस्था के संस्थापक सदस्य स्व. डॉ. अश्विनी कुमार जैन की स्मृति में श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज, मैदागिन की जरूरतमंद छात्राओं को सर्दी के मौसम से बचाव के लिए फुटवियर भेंट किए गए।


इस अवसर पर संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि किसी जरूरतमंद बच्चे की छोटी-सी जरूरत पूरी कर उसके चेहरे पर मुस्कान लाना भी सेवा का बड़ा स्वरूप है। बेटियों की शिक्षा के साथ उनकी सुविधाओं और जरूरतों का ध्यान रखना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। स्व. डॉ. अश्विनी कुमार जैन की स्मृति में किया गया यह सेवा कार्य उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कहा कि स्व. डॉ. अश्विनी कुमार जैन अपने सेवाभाव, सरल स्वभाव और मरीजों के प्रति आत्मीय व्यवहार के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उनका जीवन सेवा, संवेदना और मानवीय मूल्यों का प्रतीक रहा है। जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम से उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना ही संस्था का उद्देश्य है।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संकल्प संस्था के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए छात्राओं को दिया गया यह सहयोग उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
अंत में कॉलेज के प्रबंधक हरीश अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन एवं संस्था के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्रीमती गीता जैन, श्रीमती संध्या जैन, डॉ. हर्षित जैन, डॉ. अंचल अग्रवाल जैन, गीतिका जैन सहित संकल्प संस्था के सदस्य, विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।

