राजातालाब : सड़क के गड्ढे में भरे गंदे पानी में मछली पकड़ने उतरे अधिवक्ता
वाराणसी। सड़कों पर बने जानलेवा गड्ढों और उनमें भरे गंदे पानी की समस्या को लेकर गुरुवार को राजातालाब में अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। स्थानीय निवासी एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अधिवक्ता राजकुमार गुप्ता ने रथयात्रा रोड पर सड़क के गड्ढों में जमा अवजल के बीच बैठकर मछली पकड़ने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। उन्होंने डंडों से मछली पकड़ने का कांटा बनाकर जिम्मेदार अधिकारियों और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।


अधिवक्ता राजकुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में स्वच्छता और विकास के दावे किए जाते हैं, लेकिन राजातालाब की सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें गंदा पानी जमा रहता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नाला और सड़क निर्माण, सीवर की सफाई तथा कूड़ा उठान की बदहाल व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उनका कहना था कि स्थानीय लोग कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से सड़कों की मरम्मत, नालों के निर्माण और नालियों की सफाई की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
राजकुमार गुप्ता ने कहा कि राजातालाब की वर्तमान दुर्दशा पर शर्म आती है, लेकिन जिम्मेदार लोग जनता की समस्याओं को सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, जलनिकासी और सफाई की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

