टिकरी में श्री अन्न प्रसंस्करण इकाई का लोकार्पण
किसानों को मिलेगा आय बढ़ाने का नया अवसर
वाराणसी (जनवार्ता)। टिकरी गांव स्थित कृषक उत्पादक संगठन एवं औद्यानिक विपणन सहकारी समिति लिमिटेड परिसर में शुक्रवार को श्री अन्न (मिलेट) प्रसंस्करण इकाई का लोकार्पण किया गया। कृषि विभाग के प्रमुख सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम ने फीता काटकर इकाई का उद्घाटन किया। इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक शैलेन्द्र कुमार तथा उप कृषि निदेशक अमित कुमार जायसवाल मौजूद रहे।


यह प्रसंस्करण इकाई किसानों को श्री अन्न आधारित उत्पादों के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्थानीय किसानों और कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) के सदस्यों को कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण के साथ नए व्यावसायिक अवसर मिलेंगे। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उद्यमिता को प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी।
लोकार्पण के बाद प्रमुख सचिव ने एफपीओ परिसर स्थित डेयरी फार्म का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गिर, साहीवाल और थारपारकर जैसी उन्नत देशी गोवंशीय नस्लों का अवलोकन किया। इसके बाद आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर किसानों एवं कृषि विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी ली।
एफपीओ निदेशक अमित सिंह ने प्रमुख सचिव को संगठन की विभिन्न गतिविधियों, प्रसंस्करण इकाई, विपणन व्यवस्था, डेयरी संचालन और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। अंत में अधिकारियों ने कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण कर भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने इस पहल को श्री अन्न के उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन तथा किसानों की आर्थिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

