लोहरदगा : पत्नी और उसके प्रेमी को आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद पति ने गुस्से में उठाया खौफनाक कदन
झारखंड (जनवार्ता)। छठ पर्व की चहल-पहल के बीच झारखंड के लोहरदगा जिले में सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। भंडरा थाना क्षेत्र के कुम्भाटोली गांव में रविवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की कुल्हाड़ी से वारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।


प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, कुम्भाटोली निवासी सोनू लहेरी की पत्नी पूजा देवी की पहचान बिहार के पटना निवासी रोहित लहेरी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध बन गए। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात रोहित अपनी प्रेमिका पूजा से मिलने उसके घर पहुंचा था।
इसी दौरान पति सोनू लहेरी अचानक घर पहुंच गया। कमरे में पत्नी और रोहित को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद वह आक्रोशित हो गया। आरोप है कि उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए गए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। दोहरे हत्याकांड के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है।

