भारत रत्न बिस्मिल्लाह खां की पुश्तैनी धरोहर बदहाल

भारत रत्न बिस्मिल्लाह खां की पुश्तैनी धरोहर बदहाल

महानगर कांग्रेस ने जिलाधिकारी से की मकान के जीर्णोद्धार और परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग

वाराणसी (जनवार्ता)। भारत रत्न एवं प्रख्यात शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की पुश्तैनी धरोहर की बदहाल स्थिति और उनके परिवार के सामने उत्पन्न आर्थिक संकट का मामला एक बार फिर सामने आया है। इसको लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। मंगलवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर दो अलग-अलग जनहित के मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा।

rajeshswari

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खां केवल महान शहनाई वादक ही नहीं, बल्कि काशी की गंगा-जमुनी तहजीब, सांप्रदायिक सौहार्द और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के वैश्विक प्रतीक थे। उन्होंने अपनी कला और साधना से पूरी दुनिया में बनारस को पहचान दिलाई। इसके बावजूद हड़हा स्थित उनका पुश्तैनी मकान जर्जर हालत में है और परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में सामाजिक कार्यकर्ताओं और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उनके पुश्तैनी आवास पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी। इस दौरान मकान की बदहाल स्थिति और परिवार के सामने आजीविका के संकट को देखकर चिंता हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर के सौंदर्यीकरण और विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो देश की इस महान विभूति की धरोहर के संरक्षण और उनके परिवार की सहायता के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।

कांग्रेस ने मांग की कि पुश्तैनी मकान का तत्काल सर्वेक्षण कराकर उसका संरक्षण एवं जीर्णोद्धार कराया जाए। साथ ही परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को देखते हुए उचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

इसे भी पढ़े   देव-दीपावली 2025 की तैयारी शुरू!गंगा महोत्सव बनेगा यादगार, सुरक्षा-व्यवस्था से लेकर सजावट तक सख़्त निर्देश

डिवाइडरों पर कमल जैसी आकृतियों पर भी जताई आपत्ति

प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न मार्गों के डिवाइडरों पर आधुनिक लाइटों के साथ लगाई जा रही कमल के फूल जैसी आकृतियों पर भी आपत्ति जताई। राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कमल भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिह्न है। ऐसे में सार्वजनिक धन से कराए जा रहे सरकारी सौंदर्यीकरण कार्यों में किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न जैसी आकृति का इस्तेमाल निष्पक्षता और औचित्य पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को ध्यान में रखते हुए सौंदर्यीकरण कार्यों में स्थानीय परंपराओं और संस्कृति को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कांग्रेस ने डिवाइडरों पर कमल जैसी आकृतियों के स्थान पर भगवान शिव के पवित्र प्रतीक डमरू अथवा त्रिशूल लगाने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में मनीष शर्मा, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, प्रवीन प्रकाश, राजू राम, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कंब्बन, प्रमोद वर्मा, नरसिंह वर्मा, अब्दुल हमीद डोडे, आशीष केशरी, लोकेश सिंह, लालजी यादव और राजेश सोनकर सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *