इंदिरा गांधी की जयंती पर बालिका दौड़ प्रतियोगिता संपन्न
150 से अधिक छात्राओं ने लिया हिस्सा
चोलापुर (जनवार्ता) । आयरन लेडी एवं देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को नियार में बालिका दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ नियार रामलीला मैदान से पं. रामप्रवेश चौबे इंटर कॉलेज के मोड़ तक हुआ। इसमें 150 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि अजय राय ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शिवानी मौर्य ने प्रथम, स्मिता सोनकर ने द्वितीय तथा शालू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पूनम यादव और प्रीति कुमारी संयुक्त रूप से चतुर्थ स्थान पर रहीं।
इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को 100 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।इसके उपरांत पं. रामप्रवेश चौबे पीजी कॉलेज में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि अजय राय, महाविद्यालय के प्रबंधक एवं चोलापुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सतीश चौबे तथा कोऑर्डिनेटर देवांश मनीष चौबे ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि अजय राय ने छात्राओं की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है। ऐसे आयोजन बालिकाओं में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा की भावना और आगे बढ़ने का जज्बा पैदा करते हैं।कार्यक्रम में पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पीके दुबे, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अभिलाष चौबे, दिलीप चौबे, राघवेंद्र चौबे, , कमलेश पांडेय, , कल्लू सिंह, कमला राजभर, रमेश सिंह, डब्बू सिंह, अनेक गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

