चौबेपुर में चोर बेखौफ, नशा माफिया बेलगाम! पुलिस की खामोशी से जनता में आक्रोश
वाराणसी (जनवार्ता)। चौबेपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। रात होते ही लोगों के दिलों में डर बैठ जाता है। एक के बाद एक चोरियां हो रही हैं, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि अभी तक किसी भी बड़ी चोरी का खुलासा नहीं हो पाया है।

चौबेपुर निवासी व्यापार मंडल अध्यक्ष वाराणसी, नन्हे जायसवाल का कहना है कि दुकानों और घरों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। थाने में शिकायत दर्ज कराई जाती है, लेकिन इसके बाद सिर्फ आश्वासन मिलता है। पुलिस की इस खामोशी से चोरों के हौसले और ज्यादा बुलंद हो गए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही चोरी का खुलासा तथा लगाम नहीं लगाई गई, तो पुलिस आयुक्त वाराणसी से मिलकर अवगत कराया जाएगा।
नशे का काला धंधा, गांव-गांव में फैल रहा जहर
दूसरी तरफ, देवलपुर निवासी समाजसेवी अजय सिंह चंदेल का कहना है कि चौबेपुर में अवैध मादक पदार्थों का कारोबार तेजी से फैल रहा है। अवैध कच्ची शराब, गांजा तथा अन्य अवैध मादक पदार्थ गांव-गांव में आसानी से मिलने लगे हैं। इसका सबसे ज्यादा शिकार युवा पीढ़ी हो रही है। नशे की लत के कारण युवा चोरी और अन्य अपराधों की तरफ बढ़ रहे हैं। माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं, लेकिन नशा बेचने वालों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है।
जनता की गुहार — कब जागेगा प्रशासन?
क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और समाजसेवियों ने वाराणसी के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि चौबेपुर की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए।

