देव दीपावली पर 10 मार्ग होंगे नो-व्हीकल जोन

देव दीपावली पर 10 मार्ग होंगे नो-व्हीकल जोन

आपात सेवाओं के लिए बनेंगे तीन ग्रीन कॉरिडोर

वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली महोत्सव को लेकर काशी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली के अवसर पर गंगा घाटों पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ के साथ मुख्यमंत्री एवं अन्य वीआईपी महानुभावों के आगमन को देखते हुए शहर में कड़े यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। यह व्यवस्था 24 नवंबर की दोपहर एक बजे से प्रभावी होगी।

rajeshswari

अपर पुलिस उपायुक्त यातायात की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, शहर के 10 प्रमुख मार्गों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इन मार्गों पर दोपहिया और चार पहिया सहित किसी भी प्रकार के वाहनों का संचालन नहीं होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और वाहनों की पार्किंग के लिए 57 पार्किंग स्थल तथा पांच होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।

गंगा के पुलों पर भी लागू होंगे प्रतिबंध

यातायात प्लान के तहत राजघाट पुल पर नमो घाट से पड़ाव के बीच वाहनों के साथ पैदल आवागमन भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सामने घाट पुल पर लंका से रामनगर के बीच केवल दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों को आवागमन की अनुमति होगी। वहीं विश्वसुंदरी पुल (एनएच-19) और रिंग रोड पुल पर वाहनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।

इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद

मैदागिन से बुलानाला होते हुए गोदौलिया तक, लक्सा थाना से रामापुरा तक, लहुराबीर से पिपलानी कटरा होते हुए मैदागिन और बेनिया तिराहे की ओर, ब्रॉडवे तिराहे से सोनारपुरा होते हुए गोदौलिया तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा अग्रवाल तिराहा, बीओबी तिराहा (रविदास गेट) और पद्मश्री चौराहे से अस्सी घाट व रविदास घाट की ओर भी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

इसे भी पढ़े   ‘सीवर, अंधेरा और उखड़ी सड़कें: मोहर्रम के बीच दाल मंडी की बदहाल तस्वीर

चंदौली के बहादुरपुर रोड से पड़ाव होते हुए रामनगर चौराहा और टेंगरा मोड़ तक तथा पड़ाव से सूजाबाद होते हुए राजघाट पुल और नमो घाट की ओर भी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

शहर में नहीं घुसेंगी बसें और मालवाहक वाहन

24 नवंबर को दोपहर एक बजे के बाद भारी वाहनों, रोडवेज और निजी बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। काशी डिपो और कैंट बस स्टेशन की बसों का संचालन रिंग रोड स्थित संदहा और हरहुआ के अस्थायी बस स्टेशनों से किया जाएगा। जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर की बसें हरहुआ, बावनबीघा और संदहा अंडरपास तक आएंगी, जबकि प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली की बसें मोहनसराय स्थित ठिकाना ढाबा तक ही संचालित होंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए संदहा से हरहुआ, गिलट बाजार, कैंट होते हुए बीएचयू तक तथा जगतपुर से चांदपुर, कैंट होते हुए गोलगड्डा और लाटभैरव तक निर्धारित मार्गों पर सिटी बसों और ई-रिक्शा का संचालन किया जाएगा।

नमो घाट से रामनगर तक पार्किंग की विशेष व्यवस्था

नमो घाट जाने वाले वीआईपी वाहनों को कलर-कोड पास के आधार पर हरहुआ, गिलट बाजार, पुलिस लाइन चौराहा अथवा कैंट ओवरब्रिज के रास्ते पार्किंग तक जाने की अनुमति होगी। बिना पास वाले वाहनों को चौकाघाट और लकड़ीमंडी की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इस क्षेत्र के वाहनों के लिए मच्छोदरी, नेशनल इंटर कॉलेज, टाउनहाल, क्वींस कॉलेज और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

दशाश्वमेध और गोदौलिया क्षेत्र की ओर आने वाले वाहनों को कमच्छा की तरफ डायवर्ट कर एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज मैदान, द्वारिकाधीश मंदिर, सीएचएस स्कूल, बेनियाबाग और मजदा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।

इसे भी पढ़े   आदमपुर में सिर कूचकर हत्या, दो घायल

अस्सी और लंका क्षेत्र में अखरी, चितईपुर तथा सुंदरपुर की ओर से आने वाले वाहन नरिया गेट के रास्ते बीएचयू परिसर में पार्क होंगे। प्रयागराज और मिर्जापुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए हरसेवानंद स्कूल मैदान, लौटूवीर पार्किंग और गढ़वा घाट पार्किंग निर्धारित की गई है।

रामनगर क्षेत्र में सामने घाट और मिर्जापुर की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों को दुर्गा मंदिर मैदान, पंचवटी मैदान, लंका मैदान और रामबाग ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। दोपहिया वाहनों के लिए पीएसी ग्राउंड निर्धारित किया गया है।

आपातकालीन सेवाओं के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा। आपात चिकित्सा व्यवस्था के लिए नमो घाट से कबीर चौरा और दीनदयाल अस्पताल, गोदौलिया से बीएचयू तथा पड़ाव से रामनगर जिला अस्पताल तक तीन विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे।

यातायात पुलिस ने नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि देव दीपावली के दिन निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और घाटों तक पहुंचने के लिए पैदल मार्गों का उपयोग करें।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *