दशाश्वमेध घाट पर 21 बटुकों और 21 डमरू दलों के साथ हुई भव्य महाआरती

दशाश्वमेध घाट पर 21 बटुकों और 21 डमरू दलों के साथ हुई भव्य महाआरती

151 लीटर दूध से हुआ मां गंगा का अभिषेक

वाराणसी (जनवार्ता)। देव दीपावली पर प्राचीन दशाश्वमेध घाट आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक प्रकाश से जगमगा उठा। गंगोत्री सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य महाआरती भगवान शिव, मां गंगा और काशी की आध्यात्मिक विरासत को समर्पित रही। इस दौरान 21 बटुकों, 21 डमरू दलों और ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में 21 बेटियों की सहभागिता ने सनातन संस्कृति की भव्य छटा प्रस्तुत की।

rajeshswari

समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे और सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में वेदपाठी बटुकों के स्वस्तिवाचन के बीच सुमेरू पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती के नेतृत्व में वैदिक रीति से मां गंगा का पूजन-अर्चन और स्तवन किया गया। इस अवसर पर 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक कर गंगा निर्मलीकरण का आह्वान किया गया।

गंगा तट पर सिंहासनारूढ़ मां गंगा की 108 किलोग्राम की अष्टधातु से निर्मित श्रृंगारिक प्रतिमा और उनकी अलौकिक आरती श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। दीपों से सजे घाट, गंगा की लहरों पर झिलमिलाती रोशनी और मंत्रोच्चार से गूंजता सिद्धपीठ माता शीतला का प्रांगण भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

महाआरती के बाद दिल्ली से पहुंचे भोजपुरी गायक एवं अभिनेता तथा सांसद मनोज तिवारी ने भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों ने हजारों श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। काशी के लोकप्रिय गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई। महोत्सव का संचालन कर रहे नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने उपस्थित लोगों को गंगा स्वच्छता का संकल्प दिलाया।

इसे भी पढ़े   नवरात्र में काली मंदिर के पास गंदगी का अंबार, श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, समिति के संरक्षक पं. कन्हैया त्रिपाठी, गंगेश्वरधर दुबे, विजय गरोडिया, गणेशदत्त शास्त्री, संकठा प्रसाद और संजय यादव सहित देश-विदेश से आमंत्रित अतिथि, विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

देव दीपावली के अवसर पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से काशी के पौराणिक केदार घाट पर भी मां गंगा की भव्य एवं विराट आरती का आयोजन किया गया। इसका संयोजन पं. संदीप कुमार दुबे ने किया। दोनों घाटों पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों ने काशी की आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और गंगा संरक्षण के संदेश को एक साथ प्रस्तुत किया।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *