वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, 23 निरीक्षकों को दूसरे जिलों में भेजा
वाराणसी (जनवार्ता)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के बीच पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर स्थानांतरण किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में तैनात 23 निरीक्षकों का दूसरे जिलों और कमिश्नरेट में तबादला कर दिया गया है। इनमें 10 निरीक्षकों को प्रयागराज कमिश्नरेट, सात को लखनऊ कमिश्नरेट, चार को गोरखपुर जोन तथा एक-एक निरीक्षक को आगरा और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट भेजा गया है।

पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार, विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को देखते हुए ऐसे निरीक्षकों का स्थानांतरण किया जा रहा है, जिनकी एक जनपद में तीन वर्ष की तैनाती पूरी हो चुकी है या 31 मई 2027 तक पूरी हो जाएगी। पुलिस स्थापना बोर्ड की मंजूरी के बाद संबंधित पुलिस कमिश्नरों के अनुरोध पर यह स्थानांतरण किया गया है। सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
प्रयागराज कमिश्नरेट में मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव, अरुण कुमार तिवारी, विजय कुमार शुक्ला, दिनेश कुमार यादव, कृष्ण प्रताप यादव, सुनील कुमार सिन्हाल, साधुवन राम, अजीत कुमार वर्मा, अरविंद कुमार सरोज और शिवधारी को नई तैनाती दी गई है।
लखनऊ कमिश्नरेट में शिवाकांत मिश्र, प्रमोद कुमार पाण्डेय, उदयवीर सिंह, अजय राज वर्मा, राकेश पाल, राजकुमार और गोपाल कन्हैया का स्थानांतरण किया गया है।
इसी क्रम में गोरखपुर जोन में विमल कुमार मिश्र, राजू सिंह, विवेक कुमार और कृष्ण चंद्र मिश्र को भेजा गया है। वहीं मो. आसिफ सिद्दीकी को आगरा कमिश्नरेट तथा दयाशंकर सिंह को गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में नई तैनाती मिली है।

