विशेष लोक अदालत कल
न्यूनतम धनराशि पर होगा वाहन चालान का निस्तारण
वाराणसी। वाहन चालान के मामलों में राहत दिलाने के उद्देश्य से जनपद न्यायालय वाराणसी में शनिवार को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण लंबित वाहन चालानों का नियमानुसार न्यूनतम धनराशि पर निस्तारण कराया जा सकेगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी की ओर से जारी अपील के अनुसार, जिन वाहन स्वामियों एवं चालकों के वाहनों का यातायात नियमों के उल्लंघन में चालान हुआ है, वे इस विशेष लोक अदालत का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए उन्हें निर्धारित तिथि पर जिला न्यायालय परिसर में उपस्थित होना होगा।
चालानों के निस्तारण की प्रक्रिया में सहायता के लिए पैरा लीगल वॉलंटियर (पीएलवी) भी उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त वाहन स्वामी मोबाइल फोन के माध्यम से भी पीएलवी से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इसके लिए प्रदीप कुमार वर्मा (8112810960), मदन चौहान (9305727838) एवं शांता विश्वकर्मा (9454369138) से संपर्क किया जा सकता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने समस्त वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे शनिवार को आयोजित विशेष लोक अदालत में पहुंचकर अपने लंबित वाहन चालानों का निस्तारण कराएं और इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

