अयोध्या-जनकपुर के बीच 30 नवंबर से दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस

अयोध्या-जनकपुर के बीच 30 नवंबर से दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस

365 रुपये से शुरू होगा किराया

अयोध्या। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच रेल संपर्क मजबूत होने जा रहा है। भारत और नेपाल के बीच शुरू की गई सरयू-कमला एक्सप्रेस का किराया रेलवे ने निर्धारित कर दिया है। इस साप्ताहिक ट्रेन से दोनों धार्मिक और सांस्कृतिक नगरों के बीच यात्रा आसान होगी। ट्रेन की टिकट बुकिंग भी शुरू हो गई है। पहले दिन 105 से अधिक टिकट बुक किए गए।

rajeshswari

रेलवे के अनुसार, अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम तक स्लीपर श्रेणी का किराया 365 रुपये निर्धारित किया गया है। वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी का किराया 885 रुपये, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का 965 रुपये और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का किराया 1,360 रुपये होगा।

30 नवंबर से अयोध्या से होगा नियमित संचालन

ट्रेन संख्या 15595 जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:40 बजे गंतव्य पर पहुंचेगी। नियमित सेवा की शुरुआत 28 नवंबर को जनकपुर धाम से होगी, जबकि अयोध्या से पहली नियमित वापसी सेवा 30 नवंबर को संचालित होगी।

604 किलोमीटर की दूरी, 17 कोच होंगे

करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन लगभग 19 घंटे में यात्रा पूरी करेगी। इसमें कुल 17 कोच होंगे। ट्रेन गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर, अयोध्या धाम, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इसे भी पढ़े   अफवाह से मचा हड़कंप : अवध में पेट्रोल पंपों पर भगदड़, कई जगह ‘तेल खत्म’ के बोर्ड लगे

भारतीय और नेपाली नागरिक ही कर सकेंगे यात्रा

रेलवे के निर्धारित नियमों के अनुसार इस ट्रेन में फिलहाल वैध पहचान पत्र रखने वाले भारतीय और नेपाली नागरिकों को ही यात्रा की अनुमति होगी। जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

टिकट की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट, रेलवन एप और रेलवे आरक्षण काउंटरों से की जा सकती है। इस रेल सेवा को भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *