काशी में गंगा-वरुणा किनारे बनेंगे 89.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर
चार पैकेजों के लिए मिलीं 32 निविदाएं
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहर को जाम से राहत दिलाने की दिशा में गंगा और वरुणा नदी के किनारे दो विशाल एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को निर्माण कंपनियों की ओर से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को दोनों परियोजनाओं के चार निर्माण पैकेजों के लिए कुल 32 निविदाएं प्राप्त हुई हैं। लगभग 89.2 किलोमीटर लंबी इन परियोजनाओं पर कुल 25,445.96 करोड़ रुपये की पूंजीगत लागत प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं को जुलाई 2026 में केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति से मंजूरी मिली थी।

दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करना तथा प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और परिवहन केंद्रों के बीच संपर्क बेहतर बनाना है। वरुणा नदी के किनारे राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को वाराणसी रिंग रोड से तथा गंगा नदी के किनारे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ा जाएगा।
वरुणा कॉरिडोर पर खर्च होंगे 10,998.32 करोड़ रुपये
वरुणा नदी के किनारे 43.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस परियोजना की कुल पूंजीगत लागत 10,998.32 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसे दो निर्माण पैकेजों में पूरा किया जाएगा। पहले पैकेज के लिए आठ और दूसरे पैकेज के लिए सात निविदाएं प्राप्त हुई हैं।
इसमें मुख्य रूप से छह और चार लेन का ऊंचाई पर बना मार्ग, फ्लाईओवर, लूप, रैंप और सर्विस रोड का निर्माण शामिल है। यह कॉरिडोर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच सीधा संपर्क उपलब्ध कराने के साथ वाराणसी हवाई अड्डे, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, वाराणसी जंक्शन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, रामनगर बंदरगाह, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और गंगा घाटों तक पहुंच आसान करेगा।
परियोजना के लिए 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति निर्धारित की गई है। इसके निर्माण से राष्ट्रीय राजमार्ग-31 से काशी रेलवे स्टेशन तक यात्रा का समय लगभग 40 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाने का अनुमान है।
गंगा कॉरिडोर पर 14,447.64 करोड़ रुपये होंगे खर्च
गंगा नदी के किनारे 46 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इसकी कुल पूंजीगत लागत 14,447.64 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसे भी दो पैकेजों में बनाया जाएगा। पहले पैकेज के लिए आठ और दूसरे पैकेज के लिए नौ निविदाएं प्राप्त हुई हैं।
इस परियोजना में छह लेन का ऊंचाई पर बना मुख्य मार्ग, 910 मीटर लंबा केबल आधारित पुल, 1.32 किलोमीटर लंबा विशेष पुल एवं पैदल पारपथ, लूप, रैंप, संपर्क मार्ग और सर्विस रोड का निर्माण शामिल है।
यह कॉरिडोर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। इसके माध्यम से रामनगर, बीएचयू और शहर के प्रमुख स्थानों तक पहुंच आसान होगी। परियोजना में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति प्रस्तावित है। इसके पूरा होने पर औसत यात्रा समय लगभग 60 मिनट से घटकर 20 मिनट होने का अनुमान है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से काशी रेलवे स्टेशन तक का सफर लगभग 50 मिनट के बजाय 25 मिनट में पूरा हो सकेगा।
धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच होगी आसान
दोनों कॉरिडोर के निर्माण से काशी विश्वनाथ मंदिर, बीएचयू, नमो घाट, रामनगर किला और गंगा के प्रमुख घाटों तक पहुंच बेहतर होगी। इसके अलावा लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, प्रमुख रेलवे स्टेशनों और रामनगर स्थित भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के बंदरगाह से संपर्क भी मजबूत होगा।
इन परियोजनाओं को प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय बृहद योजना के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इससे कृषि उत्पादों, औद्योगिक वस्तुओं, निर्माण सामग्री और अन्य माल के परिवहन में सुविधा मिलेगी। माल ढुलाई की लागत घटाने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने और पर्यटन एवं तीर्थयात्रा को बढ़ावा देने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अनुसार, दोनों परियोजनाएं वाराणसी की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। इनके निर्माण से शहर के भीतर जाम का दबाव कम होगा और स्थानीय तथा बाहर से आने वाले वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी। साथ ही वाराणसी और आसपास के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

