मैदागिन से सोनारपुरा तक बनेगा नो व्हीकल जोन

मैदागिन से सोनारपुरा तक बनेगा नो व्हीकल जोन

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 40 गोल्फ कार्ट चलाने की तैयारी

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने बड़ी पहल की तैयारी की है। मैदागिन से सोनारपुरा तक के प्रमुख मार्ग को स्थायी रूप से नो व्हीकल जोन बनाने की योजना तैयार की जा रही है। इस क्षेत्र में प्रतिदिन 2500 से अधिक वाहनों के आवागमन को देखते हुए निजी कार, ऑटो, रिक्शा और ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव है। इसके स्थान पर यात्रियों की सुविधा के लिए केवल ई-गोल्फ कार्ट चलाने की व्यवस्था की जाएगी।

rajeshswari

योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए नगर निगम ने टोयोटा कंपनी से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत 40 गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों से बातचीत भी हो चुकी है।

व्यापारियों को विशेष पास, यात्रियों को देना होगा किराया

प्रस्तावित नो व्हीकल जोन व्यवस्था लागू होने से श्री काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय व्यापारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। व्यापारियों को आवागमन के लिए विशेष पास जारी किए जाने की योजना है, जबकि गोल्फ कार्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को निर्धारित किराया देना होगा। नगर निगम का उद्देश्य जाम से मुक्ति दिलाने के साथ ही प्रदूषण कम करना और पर्यावरण के अनुकूल यातायात व्यवस्था विकसित करना है।

शहर में पहले से चल रहीं 16 गोल्फ कार्ट

गौरतलब है कि अक्षय तृतीया से शहर के विभिन्न मार्गों पर गोल्फ कार्ट सेवा शुरू की गई थी। वर्तमान में मैदागिन, राजनारायण पार्क (बेनियाबाग) और कबीरचौरा से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक कुल 16 गोल्फ कार्ट संचालित हो रही हैं। इनका संचालन सुबह सात बजे से रात 11 बजे तक किया जाता है। गोल्फ कार्ट में नौ और 13 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। बेनियाबाग से मंदिर के गेट नंबर चार तक 20 रुपये और गिरिजाघर से मंदिर तक 10 रुपये किराया निर्धारित है।

इसे भी पढ़े   पीएम दौरे से पहले काशी में महा-सफाई अभियान तेज, 250 टन अतिरिक्त कचरा हटाया

इस वर्ष 18 बार लागू हो चुका है नो व्हीकल जोन

काशी के गोदौलिया और आसपास के क्षेत्रों में इस वर्ष अब तक 18 बार नो व्हीकल जोन व्यवस्था लागू की जा चुकी है। मकर संक्रांति, माघ पूर्णिमा, सावन, महाशिवरात्रि, दीपावली, कार्तिक पूर्णिमा, डाला छठ और वीवीआईपी आगमन जैसे अवसरों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जाती रही है। हालांकि, विशेष आयोजन समाप्त होने के बाद पुरानी यातायात व्यवस्था बहाल होते ही फिर जाम की समस्या शुरू हो जाती है।

इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम अब मैदागिन से सोनारपुरा तक नियमित नो व्हीकल जोन बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। यदि योजना लागू होती है तो काशी के प्रमुख धार्मिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिल सकती है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *