लेह में सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश, तीनों अधिकारी सुरक्षित
लेह (जनवार्ता)। भारतीय सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर लेह के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर सवार तीनों सैन्य अधिकारी घायल हुए हैं, लेकिन सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सेना के अनुसार यह दुर्घटना 20 मई को हुई थी, जिसकी जानकारी अब सार्वजनिक की गई है।

हेलीकॉप्टर में 3 इन्फैंट्री डिविजन के जीओसी मेजर जनरल सचिन मेहता, एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर रैंक के अधिकारी सवार थे। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में अधिकारी पहाड़ी इलाके में सुरक्षित बैठे दिखाई दे रहे हैं। एक जवान विक्ट्री साइन बनाते नजर आ रहा है, जबकि पास में हेलीकॉप्टर का मलबा पड़ा है।
सेना के मुताबिक ऊंचाई वाले इलाकों में हेलीकॉप्टर उड़ाना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। दुर्घटना में हेलीकॉप्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन सभी अधिकारियों का सुरक्षित बचना राहत की बात है। घायल अधिकारियों का इलाज सैन्य अस्पताल में जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

