बदायूं : 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर
दरोगा और सिपाही घायल
बदायूं । बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू मारा गया। मुठभेड़ के दौरान शेखपुर पुलिस चौकी प्रभारी नीरज कुमार और सिपाही अविनाश भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार देर रात जिले में चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान बदायूं-बिजनौर हाईवे पर एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा और पीछा किए जाने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि मारा गया बदमाश संभल निवासी जितेंद्र उर्फ ढालू था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह 19 मई को इस्लामनगर थाना क्षेत्र में किसान नजाकत के घर हुई करीब 19 लाख रुपये की डकैती का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड था। इस मामले में पुलिस पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि जितेंद्र फरार चल रहा था।
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, बड़ी संख्या में कारतूस और कुछ जेवर बरामद किए हैं। बरामद जेवरों की पहचान कराई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक जितेंद्र के खिलाफ अमरोहा, नोएडा सहित विभिन्न जनपदों में हत्या, लूट, डकैती और अन्य गंभीर धाराओं के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

