बरगी बांध हादसा: क्रूज पलटा, 9 की मौत
जबलपुर (जनवार्ता)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी और खराब मौसम के बीच पर्यटकों से भरा एक क्रूज पलट गया, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 18 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।

हादसा खमरिया टापू के पास शाम करीब छह बजे हुआ। जानकारी के अनुसार क्रूज में दो स्टाफ समेत 31 लोग सवार थे। अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और क्रूज असंतुलित होकर पानी में डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में क्रूज में पानी भरने लगा और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोगों ने जान बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। खराब मौसम और अंधेरे के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आईं, जिसके बाद सेना की मदद ली गई। रात करीब साढ़े दस बजे सेना की टीम भी रेस्क्यू में शामिल हुई।
मृतकों में नीतू सोनी (43) निवासी जबलपुर, मधुर मसीह (62) निवासी दिल्ली कैंट, सौभाग्य अलगन (42) और करकुलाज़ी (38) की पहचान हुई है। अन्य शवों की पहचान की जा रही है।
घायलों को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी की हालत स्थिर है।
प्रशासन के मुताबिक हादसे के समय बरगी बांध क्षेत्र में करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। तेज लहरों और हवा के दबाव के कारण क्रूज नियंत्रण खो बैठा और पलट गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने बताया कि लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।

